रांची : झारखंड
@ The Opinion Today
विधानसभा चुनाव के पहले चरण में रांची जिले के रांची,हटिया,कांके और मांडर विधानसभा सीट के लिए आगामी 13 नवंबर को मतदान की तिथि सुनिश्चित की गई है जबकि मतों की गणना 23 नवंबर को होगी। पहले चरण के चुनाव के लिए राज्य के अन्य विधानसभा सीटों की तरह इन चार विधानसभा सीटों पर भी चुनावी सरगर्मी काफी तेज हो गई है। बात राजनीतिक हालात की की जाए तो इस बार भी मुख्य मुकाबला एनडीए और इंडिया ब्लॉक के बीच माना जा रहा है। हालांकि इन दो बड़े गठबंधनों के बीच कई जगहों पर निर्दलीय भी ताल ठोकते नजर आ रहे हैं। 2019 में हुए विधानसभा चुनाव के मुकाबले इस बार दोनों गठबंधनों ने अपने दायरे को और अधिक विस्तार दिया है। सत्तारूढ़ इंडिया गठबंधन में पिछले चुनाव के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राजद के बीच सहमति बनी थी वहीं इस बार के चुनाव में इन तीन दलों के अलावा माले को भी गठबंधन का नया साथी बनाया गया है। विपक्षी एनडीए गठबंधन की बात की जाए तो इस बार के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी, आजसु पार्टी, जनता दल यूनाइटेड और लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास आपस में मिलकर इंडिया गठबंधन को चुनौती दे रहे हैं। दोनों गठबंधनों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर मामूली खींच तान के बाद आम सहमति बन गई है।
चुनावी प्रक्रिया के अंतर्गत 30 नवंबर को पहले चरण के लिए नामांकन वापसी के बाद प्रत्याशियों की संख्या अब पूरी तरह से स्पष्ट हो गई है। रांची विधानसभा सीट के लिए कुल 18 प्रत्याशी, हटिया के लिए 27, कांके के लिए 13 जबकि मांडर विधानसभा सीट के लिए 17 प्रत्याशी चुनावी मैदान में एक दूसरे के खिलाफ बिगुल फूंकते नजर आ रहे हैं। बात यदि रांची विधानसभा क्षेत्र की की जाए तो भाजपा विधायक सी पी सिंह इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इस बार के चुनाव में इनका मुख्य मुकाबला झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्रत्याशी महुआ माजी से माना जा रहा है। रांची विधानसभा सीट शहरी मतदाताओं पर केंद्रित क्षेत्र माना जाता है। मुद्दे की यदि बात की जाए तो इस विधानसभा क्षेत्र में लोग सड़क, पानी,बिजली, अपराध पर नियंत्रण, और रोजगार को प्रमुख मुद्दा मानते हैं। रांची विधानसभा को परंपरागत रूप से भारतीय जनता पार्टी का सीट माना जाता है। हालांकि इस सीट पर चुनावी मुकाबला काफी दिलचस्प होता है। इस बार भी चुनाव में बीजेपी को कम मुकाबला झारखंड मुक्ति मोर्चा देने को तैयार दिख रही है।
बात यदि हटिया विधानसभा क्षेत्र की की जाए तो यह क्षेत्र शहरी और ग्रामीण इलाकों का मिला-जुला स्वरूप दिखता है। शहरी और ग्रामीण आबादी एक साथ इस इलाके में होने की वजह से मुद्दे भी अलग-अलग होते हैं। हटिया के शहरी मतदाताओं का फोकस जहां सड़क पानी बिजली जैसे विषयों पर केंद्रित होता है वही ग्रामीण मतदाता कृषि और उससे जुड़े पहलुओं पर काम करने के लिए अपने विधायक से संपर्क में रहते हैं।हटिया विधानसभा सीट से फिलहाल बीजेपी के नवीन जायसवाल विधायक हैं। पार्टी ने उन पर भरोसा करते हुए एक बार फिर से अपना प्रत्याशी बनाया है जबकि कांग्रेस ने अजय नाथ शाहदेव को हटिया विधानसभा सीट के अपना प्रत्याशी बनाया है।
कांके विधानसभा सीट को भाजपा का परंपरागत सीट कहा जाता है। वर्ष 1990 से इस सीट पर लगातार भारतीय जनता पार्टी का कब जा रहा है। वर्तमान समय में बीजेपी के समरी लाल इस सीट से प्रतिनिधित्व करते हैं। हालांकि भाजपा ने इस बार उन्हें टिकट नहीं दिया है। पार्टी में पूर्व विधायक डॉक्टर जीतू चरण राम को अपना प्रत्याशी बनाया है जबकि कांग्रेस ने सुरेश कुमार बैठा को अपना उम्मीदवार बनाया है। कांके विधानसभा क्षेत्र की बात की जाए तो यह ग्रामीण बहुल क्षेत्र है। इलाके के लोग पेयजल की सुविधा में सुधार और कृषि क्षेत्र के विकास डिमांड लगातार उठाते रहे हैं। ग्रामीण बहुल क्षेत्र होने के बावजूद कांके के विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बिरसा कृषि विश्वविद्यालय और लॉ यूनिवर्सिटी जैसे कई महत्वपूर्ण संस्थान हैं।
वहीं पहले चरण में रांची जिले के मांडर विधानसभा सीट के लिए भी 13 नवंबर को मतदान सुनिश्चित कराया गया है। मांडर विधानसभा क्षेत्र पूरी तरह से ग्रामीण बहुल क्षेत्र है। स्थानीय लोगों का मुख्य पेशा कृषि है। यहां की कृषि उपज देश के कहीं हिस्सों में भेजी जाती है बावजूद इस इलाके में कोल्ड स्टोरेज का अभाव है। स्थानीय लोग लगातार कृषि क्षेत्र को आगे बढ़ाने की मांग करते रहे हैं। वर्तमान समय में कांग्रेस की शिल्पी नेहा तिर्की विधायक हैं।कांग्रेस ने उन पर भरोसा करते हुए एक बार फिर से 2024 के विधानसभा चुनाव में उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया है। जबकि भारतीय जनता पार्टी ने सन्नी टोप्पो को इस सीट से उम्मीदवार तय किया है। वर्ष 2014 में बीजेपी की महिला उम्मीदवार गंगोत्री कुजूर ने इस सीट से जीत हासिल की थी।
#theopiniontoday #jharkhandelections2024 #Jharkhandnews #Jharkhandnewsupdate #jharkhandelectionupdates #electionupdates
Discover more from theopiniontoday.in
Subscribe to get the latest posts sent to your email.