रांची : झारखंड
@The Opinion Today
3 हजार सक्रिय खिलाड़ियों के साथ रेलवे का राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन
भारतीय रेलवे का खेल प्रकोष्ठ रेलवे खेल संवर्धन बोर्ड (RSPB) के माध्यम से 29 खेल विधाओं में 9,000 से अधिक एथलीटों को व्यापक सहयोग प्रदान करते हुए राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा दे रहा है। खेल संवर्धन बोर्ड 1928 से देश भर में खेलों को बढ़ावा देने का कार्य कर रहा है। हॉकी, एथलेटिक्स और टेनिस को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया गया यह छोटा सा संगठन अब देश में खेलों को बढ़ावा देने वाला एक महत्वपूर्ण संगठन बन गया है और वर्तमान में इसके पास 29 खेल क्षेत्र हैं- जिसमें 18 व्यक्तिगत खेल और 11 टीम खेल शामिल है। आरएसपीबी 28 राष्ट्रीय खेल महासंघों और विश्व रेलवे खेल संघ से भी संबद्ध है।
भारतीय रेलवे ने नौकरियों के माध्यम से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की सहायता की है। अभी तक 29 खेल विधाओं में 9000 से अधिक खिलाड़ी भारतीय रेलवे में कार्यरत हैं, जिनमें से लगभग 3000 सक्रिय खिलाड़ी हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठित आयोजनों में भारतीय रेलवे के खिलाड़ियों का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है।
केंद्र सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा वर्ष 2024 के लिए राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। इनमें प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार के लिए चयनित 32 खिलाड़ियों में से पाँच खिलाड़ी भारतीय रेलवे से हैं।
5 अर्जुन पुरस्कारों के अलावा भारतीय रेलवे में कुल 183 अर्जुन, 28 पद्मश्री, 12 ध्यानचंद, 13 द्रोणाचार्य और 9 मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार विजेता हैं, जो भारत में किसी भी एक संगठन के लिए ऐसे पुरस्कार विजेताओं की अपने आप में सबसे बड़ी संख्या है। पुरस्कार विजेताओं को 17 जनवरी, 2025 को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु सम्मानित करेंगी।
#theopiniontoday #Jharkhand_news #Jharkhand_update #Indian_Railway
Discover more from theopiniontoday.in
Subscribe to get the latest posts sent to your email.