ओपिनियन प्रोफाइल: विधानसभा चुनाव 2024 – रांची जिले के 7 सीटों पर 13 को वहीं सिल्ली और खिजरी में 20 को पड़ेंगे वोट

theopinion report

रांची : झारखंड

@ The Opinion Today

रांची जिले की सात में से पांच विधानसभा सीटों रांची, हटिया, कांके, मांडर और तमाड़ के लिए पहले चरण में 13 नवंबर को मतदान होना है जबकि सिल्ली और खिजरी विधानसभा क्षेत्र में दूसरे चरण में 20 नवंबर को वोट होगा। जिन पांच सीटों पर पहले चरण में मतदान होना है, उनमें कई सीटों पर इस बार राजनीतिक परिदृश्य बदला-बदला नजर आ रहा है।
रांची विधानसभा क्षेत्र से इस बार भी भाजपा ने पूर्व नगर विकास मंत्री सीपी सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। श्री सिंह 1996 से लगातार छह बार रांची से विधायक रहे हैं। हालांकि इस सीट पर इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है क्योंकि इंडिया ब्लाक के प्रमुख घटक झामुमो ने सीपी सिंह के खिलाफ राज्यसभा सदस्य महुआ माजी को दुबारा चुनावी मैदान में उतारा है। 2019 में भी झामुमो की टिकट पर महुआ माजी ने चुनाव लड़ा था और सीपी सिंह को कड़ी टक्कर दी थी।
हटिया विधानसभा सीट से भाजपा ने नवीन जायसवाल को प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने 2019 के चुनाव में भी भाजपा की टिकट पर जीत हासिल की थी। इस सीट से श्री जायसवाल के मुकाबले में कांग्रेस ने अजय नाथ शाहदेव को फिर चुनाव मैदान में उतारा है। पिछले चुनाव में भी इस सीट से यही दोनों प्रत्याशी आमने-सामने थे। बात कांके सीट की करें तो इस बार इस सीट पर राजनीतिक परिदृश्य बदल गया है। इस बार भाजपा की तरफ से समरी लाल की जगह पूर्व विधायक डा. जीतू चरण राम ताल ठोंक रहे हैं, जिनके खिलाफ इस बार भी कांग्रेस के सुरेश कुमार बैठा अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मांडर विधानसभा सीट अभी कांग्रेस के कब्जे में है और शिल्पी नेहा तिर्की यहां की विधायक हैं। एक बार फिर कांग्रेस ने शिल्पी नेहा तिर्की को प्रत्याशी बनाया है जबकि भाजपा की ओर से सन्नी टोप्पो उन्हें कड़ी टक्कर देने को तैयार हैं। मांडर विधानसभा सीट को कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। राज्य के पूर्व मंत्री बंधु तिर्की 2019 में इस सीट से जेवीएम से चुनाव जीते थे। बाद में आय से अधिक संपत्ति मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने बंधु तिर्की को 3 साल की सजा सुनायी, तो उनकी विधानसभा सदस्यता खत्म हो गई। वर्ष 2022 में मांडर विधानसभा में उपचुनाव हुआ और कांग्रेस के टिकट पर बंधु तिर्की की बेटी शिल्पा नेहा तिर्की ने चुनाव जीत लिया।

रांची जिले का तमाड़ विधानसभा सीट हमेशा से चर्चा में रहा है। इस सीट पर झामुमो के विकास मुंडा और एनडीए के घटक जदयू के राजा पीटर के बीच मुख्य मुकाबला है। मुकाबले को त्रिकोणीय रूप देने के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर पद्मश्री डॉo राम दयाल मुंडा के पुत्र गुंजल इकीर मुंडा भी मैदान में हैं।
वह अपने पिता की विरासत के साथ उनके कार्यों की याद दिलाते दिखाई पड़ रहे है ।

पूर्व मंत्री राजा पीटर उर्फ़ गोपाल कृष्ण पातर ने वर्ष 2009 में हुए उपचुनाव में दिशोम गुरु शिबू सोरेन को हराकर पहली बार चर्चा में आए थे। इसके बाद शिबू सोरेन को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। रांची जिले की इन पांचों विधानसभा क्षेत्रों में रोजगार, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेजयल, विकास और कानून व्यवस्था प्रमुख मुद्दों में शामिल रहे हैं। कुल मिलाकर रांची की इन सभी सीटों पर इस बार एनडीए और इंडिया ब्लॉक के धुरंधरों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है। हालांकि इन सीटों पर कुछ प्रत्याशी मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने के प्रयास में भी जुटे हुए हैं।

 

#theopiniontoday #jharkhandelections2024 #Jharkhandnews #Jharkhandnewsupdate #jharkhandelectionupdates #electionupdates


Discover more from theopiniontoday.in

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!

Discover more from theopiniontoday.in

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading